जलपाईगुड़ी, 02 अगस्त (नि.सं.)। बाजार में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद जलपाईगुड़ी शहर के दिनबाजार में टास्क फोर्स ने छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस के साथ एनफोर्समेंट ब्रांच (ईबी) के अधिकारी बाजार पहुंचे और सब्जियां, अंडे समेत विभिन्न खाद्य सामग्रियों के थोक और खुदरा दामों की जांच की।
शिकायत मिली कि कई सब्जियां थोक बाजार के मुकाबले दोगुने से भी अधिक दाम पर बेची जा रही हैं। इतनी ऊंची कीमतों की वजह जानने के लिए अधिकारियों ने विक्रेताओं से बातचीत की।
अभियान के दौरान पुलिस और ईबी की ओर से विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि अनावश्यक रूप से अधिक दाम लेने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि आम लोगों को आवश्यक वस्तुएं उचित दाम पर मिलें, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
