सिलीगुड़ी, 02 अगस्त (नि.सं.)। फ्रेंडशिप डे के मौके पर सिलीगुड़ी बॉयज हाई स्कूल के 1995 बैच के पूर्व छात्रों ने एक अनोखी पहल करते हुए दिन को खास बना दिया। महात्मा गांधी मोड़ पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ दोस्ती का बंधन बनाकर उन्होंने उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
इस दौरान पूर्व छात्रों ने ट्रैफिक पुलिस के हाथों में फ्रेंडशिप बैंड बांधे और केक काटकर दिन का जश्न मनाया। साथ ही, बारिश के मौसम और कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को छाते भी भेंट किए।
इस पहल से ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी काफी खुश नजर आए। कार्यक्रम में डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस हर दिन धूप, बारिश और आंधी में भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में समाज के विभिन्न वर्गों से मिलने वाला यह सम्मान उन्हें और प्रेरित करता है।
आयोजकों ने बताया कि शहर में व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने में ट्रैफिक पुलिस की अहम भूमिका होती है। उनके इसी समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
