सिलीगुड़ी, 6 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम अंतर्गत 42 नंबर वार्ड के आमतला इलाके में वासियों ने बदहाल सड़क और वार्ड की समस्या से प्रशासन को अवगत कराने के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इधर, घंटों तक चले प्रदर्शन के बाद भक्ति नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और वार्ड वासियों को समझा बुझाकर शांत करवाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले दस वर्षों से वार्ड विकाश से वंचित है। सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। गड्ढे के कारण आए दिन सड़क दुर्घटना हो रही है। प्रशासन इस वार्ड की समस्याओं से अनजान होकर बैठी है।
सिलीगुड़ी नगर निगम में नए बोर्ड बनने और नए पार्षद मिल जाने के बाद भी यह वार्ड अनाथ है। इसलिए वार्ड की समस्या सिलीगुड़ी नगर निगम और प्रशासन के कान तक पहुंचाने के लिए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा अगर वार्ड की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा।