भाजपा ने किया बंद का आह्वान: सिलीगुड़ी में दिखा तनाव का माहौल

सिलीगुड़ी, 28 फरवरी (नि.सं.)। भाजपा द्वारा आहूत 12 घंटे के बंद को लेकर सोमवार सुबह से ही शहर में तनाव का माहौल देखा जा रहा है। गौरतलब है कि राज्य में भाजपा ने निकाय चुनावों में कथित धांधली और हिंसा के खिलाफ सोमवार को पश्चिम बंगाल में बंद का आह्वान किया है।


इसी के तहत भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आज सुबह से ही सिलीगुड़ी के विभिन्न स्थानों पर रैली निकाली है। इसके बाद सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष और आनंदमय बर्मन सुबह साढ़े नौ बजे सड़कों पर उतरे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को हिलकार्ट रोड, विधान रोड और महाबीरस्थान पर रैली करते और दुकानें बंद करते देखा गया।

वहीं, हाशमी चौक पर सड़क जाम किए जाने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से हाथापाई हो गयी। बाद में भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। भाजपा के दो विधायकों को भी सिलीगुड़ी थाने ले जाया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *