सिलीगुड़ी, 31 मई (नि.सं.)। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज से आम लोग काफी परेशान हो चुके थे। यह समस्या पुलिस के लिए भी सिरदर्द बन गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जंक्शन ट्रैफिक गार्ड ने इस पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसी अभियान के तहत जंक्शन ट्रैफिक गार्ड ने कार्रवाई करते हुए एक बाइक को रोका, जिसमें मॉडिफाइड साइलेंसर लगा हुआ था। मौके पर मौजूद एसआई टीटू साहा ने बाइक की जांच की और मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से इलाके के लोग हैरान रह गए, हालांकि आम लोगों ने इस पहल की सराहना भी की।
उल्लेखनीय है कि आजकल कई बाइकों में तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए जा रहे हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है और खासकर बुजुर्गों व राहगीरों को काफी परेशानी होती है।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से रात के समय तेज आवाज वाले साइलेंसर को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। जंक्शन ट्रैफिक गार्ड ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा।
