सिलीगुड़ी, 09 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के बिप्लबी संघ द्वारा गणेश पूजा के लिए खूंटी पूजा संपन्न हो गई। इस वर्ष उनकी गणेश पूजा चौथे वर्ष में प्रवेश करेगी।
जानकारी के अनुसार, पिछले साल बाल रूप में गणेश प्रतिमा बनाकर इस पूजा ने शहरवासियों का खास ध्यान आकर्षित किया था। उसी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी एक नई और अनोखी थीम पर जोर दिया गया है।
इस बार का मुख्य आकर्षण ‘तपस्वी रूप में गणपति’ होगा। लगभग 11 फीट ऊंची प्रतिमा के माध्यम से ध्यानमग्न गणेश का एक अनूठा स्वरूप प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें उनके हाथ में महाकाल दर्शाया जाएगा। पंडाल में गणेश की महाकाल तपस्या की अवधारणा को दिखाया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बनेगी।
यह पूजा सिलीगुड़ी के शिवरामपल्ली बिबादी सरणी में आयोजित होगी। 14 सितंबर को पूजा की शुरुआत होगी और 15 सितंबर को मुख्य पूजा संपन्न होगी। इसके बाद पांच दिनों तक प्रतिमा पंडाल में रखी जाएगी।
इस पांच दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रसाद वितरण के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। क्लब के सदस्यों को उम्मीद है कि पिछले साल की तरह इस वर्ष भी पूजा को दर्शकों का और अधिक उत्साहजनक समर्थन मिलेगा।
