खोरीबाड़ी, 09 अगस्त (नि.सं.)। भारत-नेपाल सीमा से एसएसबी ने एक नाबालिग लड़की को बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान रबिउल इस्लाम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को सीमा पर नियमित चेकिंग के दौरान एसएसबी ने एक चारपहिया वाहन को रोका। वाहन में मौजूद नाबालिग से पूछताछ के दौरान संदेह होने पर चालक से भी पूछताछ की गई, जिसमें मामला सामने आया। आरोप है कि चालक ने नाबालिग को नौकरी का लालच देकर नेपाल ले जाकर तस्करी की योजना बनाई थी।
इसके बाद आरोपी चालक को हिरासत में लेकर खोरीबाड़ी थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में एक महिला का नाम भी सामने आया है।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और बरामद नाबालिग को होम भेज दिया गया है। आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
