सिलीगुड़ी, 09 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सेंट्रल कॉलोनी की 64वीं दुर्गा पूजा के लिए खूंटी पूजा संपन्न हो गई। स्थान परिवर्तन के बावजूद पूजा के आकर्षण में कोई कमी नहीं होगी, ऐसा सेंट्रल कॉलोनी दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्य उम्मीद जता रहे हैं।
जिस मैदान में वर्षों से इस पूजा का आयोजन होता आ रहा था, वहां फिलहाल रेलवे स्टेडियम का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके चलते इस वर्ष पूजा को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई थी।
हालांकि सभी बाधाओं को पार करते हुए कमेटी ने आखिरकार पूजा आयोजित करने का निर्णय लिया। इस बार एनजेपी थाने के पास स्थित बैरक कॉलोनी के मैदान में सेंट्रल कॉलोनी की 64वीं दुर्गा पूजा आयोजित की जाएगी।
हर साल की तरह इस बार भी दर्शकों के लिए आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा। पंडाल सजावट से लेकर रोशनी तक हर चीज में खास आकर्षण देखने को मिलेगा। रविवार को परंपरा के अनुसार खूंटी पूजा संपन्न की गई।
पूजा कमेटी के सचिव सौरव नाथ ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा को बनाए रखने के लिए कई चुनौतियों के बावजूद इस वर्ष पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थान बदलने के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आएगी, बल्कि इस बार पहले से अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है।
