नक्सलबाड़ी , 09 अगस्त (नि.सं.)। चोरी के दौरान पकड़े जाने पर भीड़ की पिटाई से एक आरोपी की मौत हो गई। नक्सलबाड़ी के दयाराम जोत इलाके की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सुरज उरांव के रूप में हुई है, जो अटल चाय बागान के सातभैया डिवीजन का निवासी था।
आरोप है कि इस दिन वह दयाराम जोत के एक घर में चोरी करने घुसा था, तभी घर के अंदर ग्रिल में उसका पैर फंस गया। घर के मालिक को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर घायल अवस्था में आरोपी को नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब दो घंटे इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू करते हुए सुरज मलिक और रंजन सेन को गिरफ्तार किया है। वहीं, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है। लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
