सिलीगुड़ी, 29 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के 15 नंबर वार्ड के शांति मोड़ इलाके में भाजपा की ओर से स्थानीय महिलाओं को ‘अन्नपूर्णा योजना’ के फॉर्म वितरित किए गए।
बताया गया है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा किए गए वादे के अनुसार इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 3 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रक्रिया के तहत 12 पन्नों का आवेदन फॉर्म जारी किया गया है। दावा किया जा रहा है कि अगले महीने से यह आर्थिक सहायता सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो जाएगी। शुक्रवार को विपक्ष के नेता अमित जैन के नेतृत्व में वार्ड नंबर 15 के शांति मोड़ क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं के बीच यह फॉर्म बांटे गए।
भाजपा की ओर से कहा गया है कि केवल 15 नंबर वार्ड ही नहीं, बल्कि शहर के सभी वार्डों में कैंप लगाकर इस तरह फॉर्म वितरण किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही, ऑनलाइन माध्यम से भी फॉर्म भरने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। महिलाएं फॉर्म भरने के बाद उसे संबंधित क्षेत्र के बीएलओ के पास जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।
