राजगंज, 11 अगस्त (नि.सं.)। खाद की कथित कालाबाजारी रोकने के लिए भाजपा किसान मोर्चा ने मंगलवार को बेलाकोबा बटतला बाजार में विभिन्न खाद दुकानों का निरीक्षण किया। भाजपा जलपाईगुड़ी जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष नकुल दास समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने दुकानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
भाजपा का आरोप है कि इलाके में खाद की कालाबाजारी चल रही है। कुछ दुकानों में खाद का स्टॉक नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि गोदामों में बड़ी मात्रा में खाद मौजूद है। इन आरोपों के आधार पर भाजपा नेताओं ने दुकानों के रजिस्टर, स्टॉक और बिक्री का हिसाब-किताब भी जांचा।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नकुल दास ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानों में स्टॉक और रजिस्टर के हिसाब में गड़बड़ी मिली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोदाम में खाद का स्टॉक मौजूद होने के बावजूद दुकानों के बोर्ड पर ‘स्टॉक नहीं है’ लिखा गया है।
वहीं, भाजपा नेताओं के दुकानों पर निरीक्षण करने की खबर फैलते ही बाजार की कई खाद दुकानों को बंद कर दिया गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से बचने के लिए दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। नकुल दास ने चेतावनी दी कि खाद की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
