सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने मंगलवार दोपहर गुलमा पिकनिक स्पॉट पर अचानक अभियान चलाकर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया और शराब की बोतलें भी बरामद की।
जानकारी के अनुसार, गुलमा नदी के किनारे बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। आरोप है कि कुछ लोग पिकनिक की आड़ में खुलेआम शराब का सेवन करते हैं। इससे आसपास का माहौल खराब होने के साथ ही नदी और उसके आसपास के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रधान नगर थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुलमा इलाके में अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान खुले में शराब पीते पाए गए लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। मौके से बरामद शराब की बोतलों को पुलिस ने नष्ट कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रधान नगर थाने की पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुलमा पिकनिक स्पॉट पर खुलेआम शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
