सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। बाइक रोककर युवक से मारपीट, सोने की चेन और बाइक की चाबी छीनने के मामले में भक्तिनगर थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव चक्रवर्ती (24) और रोहित कुमार सिंह (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 18 जुलाई की रात आदित्य तिवारी बाइक से किंग्स हॉस्पिटल की ओर जा रहे थे। तभी सफेद कार में सवार 6-7 युवकों ने उनकी बाइक रोककर लोहे की रॉड और बांस से हमला किया और चेन छीनकर फरार हो गए।
जांच के बाद पुलिस ने 10 अगस्त की रात नेताजी मोड़ इलाके में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
