सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के कंचनजंघा स्टेडियम के मेला मैदान में पार्किंग व्यवस्था शुरू होने के बाद अब शहर की सड़कों और गलियों में अवैध पार्किंग के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खुदीरामपल्ली, विधान रोड और आसपास के इलाकों में अभियान चलाया गया।
पार्किंग व्यवस्था के उद्घाटन के बाद ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट कर दिया था कि शहर की सड़कों पर वाहन पार्क नहीं किए जा सकेंगे। इसके बावजूद विभिन्न गलियों और सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग जारी रहने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड के तहत खुदीरामपल्ली और आसपास की गलियों में अभियान चलाकर कई वाहनों को रिकवरी वैन से उठाया गया। बताया जा रहा है कि वाहन मालिकों पर जुर्माना भी लगाया गया।
वहीं, स्थानीय व्यवसायियों के एक वर्ग का कहना है कि वे लंबे समय से इलाके में कारोबार कर रहे हैं। कई घरों और व्यावसायिक इमारतों के नीचे पार्किंग की व्यवस्था है, लेकिन आरोप है कि कई मामलों में प्रमोटरों या भवन प्रबंधन ने पार्किंग की जगह बेच दी है। ऐसे में व्यवसायियों और स्थानीय लोगों के वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की जगह नहीं बचती और मजबूरी में उन्हें सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
इसी मुद्दे को लेकर अभियान के दौरान कुछ व्यवसायियों और ट्रैफिक पुलिस के बीच बहस भी हुई। हालांकि, ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
