नक्सलबाड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। सरकारी धन के गबन के आरोप में नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान तथा तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष विश्वजीत घोष उर्फ ‘रॉकेट’ को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत के विपक्ष के नेता तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष साधन चक्रवर्ती की शिकायत के आधार पर सोमवार को नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने पूर्व उपप्रधान को गिरफ्तार किया। आरोपी पर करीब ढाई से 3 लाख रुपये की राशि के गबन का आरोप है।
गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश करने के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और आरोपी पर अंडे भी फेंके।
साधन चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि पूर्व उपप्रधान पंचायत कार्यालय को अपनी निजी संपत्ति समझकर काम करते थे। पंचायत की ओर से मिलने वाले राजस्व को सरकारी खाते में जमा करने के बजाय कथित तौर पर उसका गबन किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बस स्टैंड, होर्डिंग और टोल टैक्स से मिलने वाले राजस्व को भी जमा नहीं किया जाता था।
