सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। इलाज में लापरवाही के कारण मरीज की मौत का आरोप लगाते हुए सिलीगुड़ी में सोमवार रात जमकर हंगामा हुआ। घटना को लेकर सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बाद में मृतक के परिजनों ने सेवक रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 3 के गुरुंग बस्ती निवासी पवन शाह के सिर में समस्या थी। इसके बाद परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
परिजनों का दावा है कि जिस नर्सिंग होम में पवन शाह को शुरुआत में भर्ती कराया गया था, वहां इलाज के दौरान उनकी हालत ठीक थी। बाद में अचानक अस्पताल की ओर से बताया गया कि मरीज की तबीयत बिगड़ रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें सेवक रोड स्थित एक नर्सिंग होम में स्थानांतरित करना होगा। इसके बाद सोमवार शाम पवन शाह को सेवक रोड के नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
परिवार का आरोप है कि नर्सिंग होम में भर्ती किए जाने के बाद से उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया। यहां तक कि मरीज की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। परिजनों के अनुसार, जब उन्होंने जबरन मरीज से मिलने की कोशिश की, तब नर्सिंग होम की ओर से पवन शाह को मृत घोषित कर दिया गया।
इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने नर्सिंग होम के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बाद में सेवक रोड जाम कर भी विरोध जताया गया। सूचना मिलने पर भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर स्थिति को धीरे-धीरे नियंत्रण किया।
इस मामले में नर्सिंग होम प्रबंधन से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
