राजगंज, 11 अगस्त (नि.सं.)। देशभक्ति का संदेश लेकर राजगंज ब्लॉक के बेलाकोबा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंगलवार को आरआर प्राथमिक विद्यालय के विद्यार्थियों को लेकर इस विशेष रैली का आयोजन किया गया।
बेलाकोबा आरआर प्राथमिक विद्यालय परिसर से हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा शुरू हुई। रैली में राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी और बेलाकोबा चौकी के पुलिसकर्मी शामिल हुए।
राजगंज के बीडीओ शुभंकर दास ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 9 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी के तहत जिले के साथ-साथ राजगंज ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बेलाकोबा में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
