राजगंज, 11 अगस्त (नि.सं.)। दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 20वीं ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप 2026 में सब-जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राजगंज ब्लॉक के संन्यासिकाटा के जमींदारपाड़ा निवासी अरुणिता पाल ने नाम रोशन किया है।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद मंगलवार को अरुणिता अपने घर लौटी। घर पहुंचते ही परिवार और पड़ोसियों के साथ-साथ उन्हें बधाई देने संन्यासिकाटा हाई स्कूल के शिक्षक भी पहुंचे। शिक्षकों ने अरुणिता की सफलता पर गर्व जताया।
अरुणिता ने बताया कि इस सफलता से वह बेहद खुश और गौरवान्वित हैं। उनका अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में थाईलैंड जाकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की भी योजना है। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने माता-पिता, स्कूल के शिक्षकों, कराटे टीम, दोस्तों और प्रशिक्षकों को दिया। साथ ही उन्होंने अपनी सेंसेई भारती बर्मन के प्रति विशेष आभार जताया।
अरुणिता के अलावा राजगंज के कई अन्य खिलाड़ियों ने भी पदक हासिल किए है। पियू राय ने सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, वहीं श्रेया राय, आरती, रूपा ठाकुर, जयंत राय और अबू रेहान ने विभिन्न वर्गों में कांस्य पदक हासिल किए। राजगंज के खिलाड़ियों की इस सफलता से कोच, परिवार और स्कूल के शिक्षक भी बेहद खुश हैं। अरुणिता के पिता निरंजन पाल ने कहा कि बेटी की इस सफलता से उन्हें बेहद खुशी और गर्व महसूस हो रहा है
विद्यालय के प्रभारी शिक्षक चंदन कुमार बर्मन ने बताया कि अरुणिता ने एक ही वर्ष में दो बार स्कूल का नाम रोशन किया है। अप्रैल महीने में दिल्ली में आयोजित एक प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीतने के बाद अब वह फिर दिल्ली से स्वर्ण पदक लेकर लौटी हैं। विद्यालय की ओर से अरुणिता को बधाई देते हुए शिक्षक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दी।
