सिलीगुड़ी, 11 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक बार फिर खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से अभियान चलाया गया। मंगलवार को सेवक रोड स्थित ‘द डगआउट’ पब में जांच के दौरान कथित तौर पर खुलेआम हुक्का परोसे जाने की तस्वीर सामने आई।
गौरतलब है कि कुछ वर्ष पहले सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधीन आने वाले सभी पब और बार में हुक्का परोसने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद इस पब में कथित तौर पर धड़ल्ले से हुक्का परोसा जा रहा था।
अभियान के दौरान पब में कई युवक-युवतियों के हाथों में हुक्का देखा गया। तस्वीरें सामने आने के बाद पब में खुलेआम हुक्का परोसे जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस संबंध में पब प्रबंधन से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि हुक्का परोसने से संबंधित उनके पास कोई वैध दस्तावेज या अनुमति नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से कथित रूप से अवैध तरीके से हुक्का कारोबार चलाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि केवल इसी पब में नहीं, बल्कि शहर के कई अन्य पब में भी कथित तौर पर इसी तरह अवैध रूप से हुक्का परोसे जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
