जलपाईगुड़ी, 29 जुलाई (नि.सं.)। “माफी मांगो, घर जाओ, और अगर असभ्यता की तो बखिया उधेड़ देंगे” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जलपाईगुड़ी नगर पालिका घेराव कार्यक्रम के दौरान तृणमूल को जैसे तीखे शब्दों में चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, खराब सेवाओं और नागरिकों के साथ कथित उपेक्षा के खिलाफ बुधवार को भाजपा ने जलपाईगुड़ी नगर पालिका का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के राज्य सचिव बापी गोस्वामी भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन मंच से बापी गोस्वामी ने आरोप लगाया कि 2022 के नगर पालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने धांधली कर सत्ता हासिल की थी। उन्होंने तृणमूल संचालित नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों से आम लोगों से माफी मांगकर पद छोड़ने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि भाजपा की चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए, अन्यथा “बखिया उधेड़ देंगे”।
आरोप है कि घेराव कार्यक्रम की खबर मिलने के बाद नगर पालिका में तृणमूल के कोई भी जनप्रतिनिधि मौजूद नहीं थे। बाद में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक नगर पालिका परिसर में प्रवेश कर विरोध प्रदर्शन किया।
