सिलीगुड़ी, 20 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां, दो मासूम बच्चों के नदी में बहने से मौत हो गई। मृतकों के नाम रिया कर्मकार(12) और रिसव कर्मकार (6) बताया गया है। यह दोनों भाई-बहन थे। यह घटना सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 47 अंतर्गत राम कृष्ण कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार आज दोपहर राम कृष्ण कॉलोनी से रिया और रिसाव पंचनाई ब्रिज पार कर अपने नानी के घर जा रहे थे। तभी रिसाव के पांव में गंदगी लग गई। जिसे साफ करने के लिए वो नदी में गया। लेकिन तभी अचानक उसका पांव फिसल गया। जिससे वो नदी में गिर कर बहने लगा। घटना के बाद रिया अपने भाई को बचाने नदी में उतरी। भाई को बचाने गई रिया भी पानी में बह गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से 1 नंबर वार्ड के पंचनाई कॉलोनी इलाके से दोनों को बरामद कर सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। इस घटना के बाद से परिवार वालों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
