दूधिया, 20 जून (नि.सं.)। गुरुवार रात की लगातार बारिश के कारण बालासन नदी ने भयावह रूप ले लिया था। हालांकि उत्तर बंगाल के जिलों में भारी बारिश की संभावना के बावजूद कल रात से बारिश नहीं होने पर दूधिया के लोगों को कुछ राहत मिली है। फिलहाल अस्थायी पुल की मरम्मत का काम जारी है।
मालूम हो कि भारी बारिश के कारण बालासन नदी का जलस्तर बढ़ने से दूधिया में ह्यूम पाइप से बना अस्थायी पुल डूब गया था। अब जलस्तर कम होने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तेजी से पुल की मरम्मत में जुट गया है। नदी के प्रवाह को सामान्य बनाए रखने के लिए जेसीबी मशीन से पुल के आसपास जमा रेत हटाई जा रही है। यदि मौसम ऐसा ही बना रहा तो अगले 3 दिनों के भीतर पुल को फिर से चालू कर दिया जाएगा और सिलीगुड़ी–मिरिक मार्ग पर यातायात बहाल हो सकेगा। हालांकि, कल से बारिश न होने के कारण स्थानीय लोगों ने कुछ राहत की सांस ली है।
