सिलीगुड़ी, 20 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर पद से गौतम देव के इस्तीफे के बाद निगम में एक के बाद एक इस्तीफों का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को मेयर पद छोड़ने के बाद कई पार्षद और मेयर परिषद के सदस्य अपने-अपने पद त्याग का फैसला कर रहे है।
पहले ही वार्ड नंबर 41 की पार्षद शिविका मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। वहीं वार्ड नंबर 46 के पार्षद दिलीप बर्मन ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
दूसरी ओर, सिलीगुड़ी नगर निगम के सफाई (कचरा निष्कासन) विभाग के मेयर परिषद सदस्य मानिक दे ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि जब गौतम देव मेयर पद छोड़ चुके है, तो मेयर परिषद के सदस्यों के पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। उनके अनुसार, “हम सभी मेयर द्वारा मनोनीत सदस्य है। जब मेयर ही नहीं है, तो हमारे पद पर बने रहने का सवाल ही नहीं उठता है।
इधर, गौतम देव के इस्तीफे के बाद सिलीगुड़ी नगर निगम में नया मेयर चुना जाएगा या राज्य सरकार की ओर से प्रशासक नियुक्त किया जाएगा। यह अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, आने वाले कुछ दिनों में इस पर अंतिम निर्णय सामने आ सकता है।
