फूलबाड़ी, 20 जून (नि.सं.)। मादक पदार्थ बेचने आया एक युवक स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना शुक्रवार रात फूलबाड़ी बाजार इलाके की है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार रात एक युवक फूलबाड़ी बाजार क्षेत्र में विभिन्न वाहन चालकों के पास छोटे-छोटे पैकेट में ब्राउन शुगर बेच रहा था। उसकी गतिविधियां और व्यवहार संदिग्ध लगने पर इलाके के कुछ लोगों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू किया। घटना की खबर तेजी से इलाके में फैल गई, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सूचना मिलते ही बीजेपी नेता मोतिउर रहमान भी घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में न्यू जलपाईगुड़ी थाने को खबर दी गई, जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गए।
