सिलीगुड़ी, 9 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए। इसी बीच दार्जिलिंग मोड़ स्थित वार्ड नंबर 46 के उजानू शिवनगर इलाके से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान 42 वर्षीय राकेश कुमार साह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से सिलीगुड़ी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह रेगुलेटेड मार्केट में अंडे के गोदाम में काम करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बीती रात मूसलाधार बारिश के कारण इलाके के कई घरों में पानी भर गया था। आशंका जताई जा रही है कि राकेश कुमार साह घर में सो रहा था और पानी भरने का उसे अंदाजा नहीं हुआ, जिसके कारण वह डूब गया होगा। फिलहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
