राजगंज, 20 जून (नि.सं.)। बदहाल जल निकासी व्यवस्था के कारण हल्की बारिश में ही ग्राम पंचायत प्रधान के मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बन रही है। इलाके में घुटने तक पानी जमा हो जाता है। वर्षों से स्थानीय लोग इसी समस्या से जूझ रहे हैं। घटना राजगंज ब्लॉक के बेलाकोबा स्थित पानीकौड़ी ग्राम पंचायत के पंडित के घर इलाके की है।
आरोप है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही इलाके का एक बड़ा हिस्सा जलमग्न हो जाता है और कई बार पानी घरों में भी घुस जाता है। जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अहम बात यह है कि जिस इलाके में यह समस्या है, वहीं पानीकौड़ी ग्राम पंचायत की प्रधान पापिया सरकार भी रहती हैं।
इस मामले पर प्रधान पापिया सरकार ने कहा कि पंचायत स्तर पर अधिकार सीमित हैं, फिर भी समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि वह खुद भी इस समस्या से प्रभावित हैं और उनके घर में भी पानी जमा है। जल्द ही स्थायी समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
