सिलीगुड़ी,15 मार्च (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक अजीबो गरीब घटना सामने आई है। एक चोर चोरी करने के लिए गया, लेकिन पकड़े जाने के बाद वह जेल नहीं बल्कि अस्पताल पहुंच गया। यह घटना सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन के प्रधान नगर थाना अंतर्गत सालबाड़ी इलाके की है।
जानकारी मिली है कि बीती रात एक चोर सालबाड़ी स्थित एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर में चोरी करने के उद्देश्य से पहुंचा था। वह अपने मकसद में कामयाब भी हो गया। लेकिन जब घर के लोगों को इस घटना का पता चला तब चोरी करने आया व्यक्ति पकड़े जाने के डर से थर्ड फ्लोर की खिड़की से कूद गया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। चोर का नाम सचिन राई (39) बताया जा रहा है। वह दार्जिलिंग के बादामतंग चाय बागान इलाके का निवासी है।
वहीं, इस घटना की खबर मिलते ही प्रधान नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चोर सचिन राई को चिकित्सा के लिए उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां वे चिकित्साधीन है। इधर, घर की मालकिन निकिता राई ने बताया कि बीते कल उनके घर में रहने वाले एक किरायेदार के घर में चोर ढुका था। चोर आने की भनक लगते ही घरवालों ने शोर मचाना शुरू किया।
बाद में पता चला कि चोर थर्ड फ्लोर में छिपा है। जब वे लोग वहां पहुंचे तो पकड़े जाने के डर से बदमाश खिड़की से नीचे कूद गया। जिससे वे घायल हो गया। इसके बाद इसकी खबर पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गिरफ्तार कर उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच शुरु कर दी है।