सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा बोले— “जीरो टॉलरेंस, उपद्रवियों पर होगी कड़ी कार्रवाई”

सिलीगुड़ी, 6 मई (नि.सं.)। चुनाव के बाद संभावित हिंसा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने साफ संदेश दिया है कि किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और “जीरो टॉलरेंस” नीति पर कार्रवाई होगी। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि जीत का जश्न मनाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। यदि कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम के बाद शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि अब तक सिलीगुड़ी में हिंसा की दो घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इनका किसी विशेष राजनीतिक दल से सीधा संबंध सामने नहीं आया है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और शांति बनाए रखें। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि “जश्न की आड़ में हिंसा करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।” वहीं, जिला प्रशासन और सीआरपीएफ अधिकारियों ने भी शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने पर जोर दिया और कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes