साइबर फ्रॉड के साथ एटीएम फ्रॉड पर भी सिलीगुड़ी पुलिस सख्त: सैयद वकार रजा

सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (नि.सं.)। साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने आम लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ एटीएम फ्रॉड गिरोहों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने कहा कि साइबर और एटीएम फ्रॉड के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

पुलिस की ओर से शहर और आसपास के करीब 134 स्कूलों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 50 स्कूलों में अभियान पूरा हो चुका है। विद्यार्थियों को साइबर ठगी के तरीकों और उससे बचने के उपायों की जानकारी दी जा रही है।

वहीं, एटीएम फ्रॉड के मामलों में पिछले करीब 10 दिनों में माटीगाड़ा थाना और मेडिकल चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मेडिकल चौकी पुलिस ने मदद के नाम पर एटीएम बदलकर ठगी करने वाले आरोपी जगन्नाथ घोरामी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 जाली एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड, पिन, ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस साइबर और एटीएम फ्रॉड दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes