सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने अलग-अलग समय पर चोरी या गुम हुए कुल 42 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
पुलिस के अनुसार, माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से मोबाइल फोन चोरी या गुम होने की कई शिकायतें मिली थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी माध्यमों के साथ-साथ विभिन्न स्तरों पर जांच शुरू की और 42 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की।
बरामद किए गए मोबाइल फोन में कुछ ऐसे भी थे, जो करीब तीन महीने पहले चोरी या गुम हुए थे, जबकि कुछ मोबाइल करीब एक महीने पहले लोगों से छूट गए थे। मोबाइल खोने के बाद कई लोगों ने उसके दोबारा मिलने की उम्मीद तक छोड़ दी थी।
सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बरामद 42 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने माटीगाड़ा थाना पुलिस के प्रति आभार जताया।
