सिलीगुड़ी, 12 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी को मादक पदार्थों के कारोबार से मुक्त करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने अब नशे के अवैध कारोबार की आर्थिक जड़ पर प्रहार शुरू कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ मादक कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इसी अभियान के तहत माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने मादक कारोबार की कथित सरगना सरिना खातून उर्फ पुष्पा की करीब 68 लाख रुपये मूल्य की दो संपत्तियां जब्त की हैं।
सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों की भी जांच कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुष्पा के अलावा बागडोगरा और सिलीगुड़ी थाना क्षेत्रों में मादक कारोबार से जुड़े तीन अन्य कथित सरगनाओं की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
इन मामलों में पुलिस संबंधित आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों, बैंक खातों और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यदि यह साबित होता है कि कोई संपत्ति मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई है, तो उसे भी कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
