सिलीगुड़ी, 21 मार्च(नि.सं.)। चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी प्रत्याशी शिखा चटर्जी को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। शनिवार को डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के बोतल कंपनी इलाके में प्रचार के लिए पहुंची शिखा चटर्जी को एक स्थानीय युवक के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। युवक ने आरोप लगाया कि इलाके की समस्याओं या SIR प्रक्रिया के दौरान वह कभी नजर नहीं आई। एक जनप्रतिनिधि होने के बावजूद लोगों के बीच उनकी अनुपस्थिति को लेकर उसने नाराजगी जताई। इस दौरान माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।
युवक के सवालों के जवाब में शिखा चटर्जी ने कहा कि SIR प्रक्रिया चुनाव आयोग के अधीन एक प्रशासनिक विषय है, जिसमें अनावश्यक हस्तक्षेप करना उचित नहीं था, इसलिए वह जानबूझकर दूरी बनाए रखी। उन्होंने यह भी कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्हें कब और कहां मौजूद रहना है, यह वह परिस्थिति के अनुसार तय करती है।
साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के सवालों के पीछे राजनीतिक मकसद है। उनके मुताबिक, सवाल करने वाले लोग तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। प्रचार के दौरान जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे है।
