सिलीगुड़ी, 31 मई (नि.सं.)। विश्व संवाद केंद्र उत्तर बंगाल के पहल पर रविवार को सिलीगुड़ी के दीनबंधु मंच में देवर्षि नारद जयंती मनाई गई।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि उपस्थित रहे। पत्रकारिता के मूल्यों, समाज में मीडिया की भूमिका और सूचना प्रसारण के महत्व को ध्यान में रखते हुए इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर बंगाल के विभिन्न प्रांतों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। इस दिन के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पत्रकारों को सम्मानित करना था। लंबे समय से समाचार जगत से जुड़े रहकर समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने में विशेष योगदान देने वाले पत्रकारों को ‘देवर्षि नारद सार्थक जीवन सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि पत्रकारों के निरंतर कार्य और जनहित में उनकी भूमिका की सराहना के रूप में यह सम्मान प्रदान किया गया है।
राज्यपाल आर. एन. रवि ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका और जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने समाज की वास्तविक तस्वीर सामने लाने के लिए पत्रकारों से निष्पक्ष और सत्यनिष्ठ रहने का आह्वान किया।
