स्वतंत्रता दिवस को लेकर सिलीगुड़ी में हाई अलर्ट, सुरक्षा जांच में उतरा ‘सिंबा’

सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (नि.सं.)। देश कल 80 वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। 15 अगस्त को लेकर पूरे देश के साथ सिलीगुड़ी में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ‘चिकन नेक’ क्षेत्र होने के कारण सिलीगुड़ी को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है।

सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शहर के बॉर्डर इलाकों से लेकर होटल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं।

इसी बीच पुलिस की विशेष टीम के साथ डॉग स्क्वॉड का प्रशिक्षित एक्सप्लोसिव डिटेक्शन डॉग ‘सिंबा’ भी सुरक्षा जांच में उतरा। शुक्रवार को सिंबा ने बागडोगरा एयरपोर्ट से जांच अभियान शुरू किया। इसके बाद माटीगाड़ा स्थित सिटी सेंटर मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन समेत कई महत्वपूर्ण स्थानों की तलाशी ली गई।

बैरकपुर से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त सिंबा पिछले दो वर्षों से सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात है। विस्फोटक पदार्थों की पहचान करने में माहिर सिंबा की स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण मौकों पर सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका रहती है।15 अगस्त को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes