सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (नि.सं.)। ई-केवाईसी अपडेट कराने के लिए आम लोगों को लंबे समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई लोगों को रातभर लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। लोग रात में सड़क पर ही सोकर या बैठकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं।
इस समस्या को लेकर सिलीगुड़ी टाइम्स में खबर प्रकाशित होने के बाद सिलीगुड़ी के विधायक तथा राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने तुरंत समाधान की पहल की है। शुक्रवार को उन्होंने सिलीगुड़ी प्रधान डाकघर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डाकघर अधिकारियों से चर्चा की कि ई-केवाईसी अपडेट कराने के लिए लोगों को घंटों या पूरी रात लाइन में खड़े रहने की मजबूरी से कैसे राहत दिलाई जाए।
मंत्री शंकर घोष ने कहा, “लोगों को इस तरह रात बिताने के लिए मजबूर न होना पड़े, इसी समस्या के समाधान के लिए मैं यहां आया था। मैंने मीडिया के माध्यम से देखा कि आम लोग रात में आकर लाइन में खड़े हो रहे हैं। यह विषय पहले किसी ने मेरे सामने नहीं रखा था। मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद मैं खुद यहां आया हूं।”
मंत्री ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए प्रशासन से भी बातचीत की गई है। उन्होंने इस मुद्दे पर जिलाधिकारी (डीएम) से बात की है। साथ ही, संबंधित बैंकों के अधिकारियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि ई-केवाईसी अपडेट कराने वाले लोगों को हो रही परेशानी को कम किया जा सके।
