सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (नि.सं.)। प्रधान नगर थाना क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों की सोशल मीडिया तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप में पोस्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब 15 से 20 महिलाओं और युवतियों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दागापुर निवासी सुजीत कुमार दुबे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया से तस्वीरें लेकर तकनीक की मदद से उनमें छेड़छाड़ करता था और अलग अकाउंट बनाकर पोस्ट करता था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
आरोपी को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस यह पता लगा रही है कि कितनी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई और उन्हें किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया गया। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को जोड़ने और निजी तस्वीरें पोस्ट करने में सावधानी बरतने की अपील की है।
