सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (नि.सं.)। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित फर्जीवाड़ा कर आर्थिक रूप से संपन्न लोगों को सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने के आरोप में प्रधाननगर थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 3 के पूर्व पार्षद तथा पूर्व एमएमआईसी राम भजन महतो की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश शाह और विश्वजीत साहा के रूप में हुई है। दोनों गुरुंग बस्ती इलाके के रहने वाले हैं। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
जांच में सामने आया है कि राकेश शाह के पास गुरूंग बस्ती में पहले से ही चार मंजिला पक्का मकान है। वहीं, पुलिस का दावा है कि विश्वजीत साहा का भी इसी इलाके में एक होटल है। इसके बावजूद दोनों का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची में कैसे शामिल हुआ, इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और बेघर परिवारों को आवास उपलब्ध कराना है। ऐसे में संपत्ति और व्यावसायिक प्रतिष्ठान के मालिकों को इस योजना का लाभ मिलने को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने आनंदमयी कॉलोनी निवासी विक्रांत बिमल ने प्रधाननगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पूर्व एमएमआईसी राम भजन महतो ने अपने परिचित कुछ लोगों को कथित तौर पर अवैध तरीके से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया क्या थी, दस्तावेज कितने वास्तविक हैं और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
