जलपाईगुड़ी तीस्ता रेल पुल के पास अज्ञात युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

जलपाईगुड़ी , 14 अगस्त (नि.सं.)। तीस्ता रेल पुल से सटे इलाके में एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से जलपाईगुड़ी में सनसनी फैल गई। युवक के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए हैं। वहीं, घटनास्थल के आसपास कई शराब की बोतलें बिखरी हुई मिली हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नशे की महफिल को लेकर युवक की हत्या की गई हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही जलपाईगुड़ी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृत युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय ग्राम पंचायत सदस्य और ग्रामीणों का आरोप है कि तीस्ता रेल पुल से सटे इलाके में लगभग हर दिन नशे की महफिल जमती है। रात के अंधेरे में अलग-अलग जगहों से लोग यहां पहुंचकर शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं।

हालांकि, युवक की मौत की असली वजह और घटना किस तरह हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस का मानना है कि मृतक की पहचान होने के बाद जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। घटनास्थल से नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। कोतवाली थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes