सिलीगुड़ी के हॉकर्स कॉर्नर में लगी आग में कपड़ों की दुकान क्षतिग्रस्त

सिलीगुड़ी, 14 अगस्त (नि.सं.)। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे सिलीगुड़ी के हॉकर्स कॉर्नर बाजार में एक कपड़ों की दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग फैलने लगी, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

आग लगते ही स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। बाद में सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। 

दमकलकर्मियों और स्थानीय व्यवसायियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, आग की चपेट में आने से एक कपड़ों की दुकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, आग बुझाने के दौरान दमकल के पानी से आसपास की दो अन्य दुकानों में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचने की बात व्यवसायी ने बताई है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए बाजार क्षेत्र में भीड़ और तनाव की स्थिति बनी रही। हालांकि, दमकल विभाग की तत्परता से बड़े हादसे को टाल दिया गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes