सिलीगुड़ी, 13 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के एक नंबर वार्ड स्थित राजेंद्र नगर इलाके में गुरुवार को ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी मच गई। देखते-देखते रेलवे लाइन के पास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रधाननगर थाने की पुलिस और जंक्शन जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय एनजेपी से जंक्शन रेलवे स्टेशन की ओर एक ट्रेन जा रही थी। इस दौरान उक्त व्यक्ति रेलवे लाइन पर मौजूद था। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में व्यक्ति का सिर धड़ से अलग हो गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी की टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी के कहा, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
