सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। पारंपरिक ईस्ट बंगाल क्लब का 107वां स्थापना दिवस सिलीगुड़ी ईस्ट बंगाल फैन क्लब द्वारा धूमधाम से मनाया गया। शनिवार को कंचनजंघा स्टेडियम में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए इस खास दिन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष, सिलीगुड़ी के पूर्व मेयर गौतम देव, चिकित्सक डॉ. संदीप सेनगुप्ता, ईस्ट बंगाल फैन क्लब के सदस्य, पूर्व एवं वर्तमान फुटबॉलर और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ईस्ट बंगाल क्लब का झंडा फहराकर और केक काटकर की गई। इस दौरान मंत्री शंकर घोष ने क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवा फुटबॉलरों को फुटबॉल और खेल सामग्री वितरित की। आयोजकों के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को फुटबॉल के प्रति प्रेरित करना है।
इस मौके पर मंत्री शंकर घोष ने कहा, “फुटबॉल बंगाल की भावना और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। ईस्ट बंगाल और मोहन बागान जैसे क्लबों के बिना बंगाल की खेल संस्कृति की कल्पना नहीं की जा सकती है। सिलीगुड़ी हमेशा से ईस्ट बंगाल समर्थकों का एक मजबूत केंद्र रहा है। विभाजन के बाद उत्तर बंगाल में आए लोगों की भावनाओं, संघर्ष और पहचान के साथ ईस्ट बंगाल क्लब का इतिहास गहराई से जुड़ा हुआ है।”
वहीं, सिलीगुड़ी के पूर्व मेयर गौतम देव ने कहा कि खेलों के प्रसार के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
