सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में ईस्ट बंगाल फैन क्लब के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने स्थानीय महिलाओं की कई समस्याओं को गंभीरता से सुना।
कंचनजंघा स्टेडियम के पास स्थित बीएसएनएल कार्यालय के क्वार्टर की गली में रहने वाली महिलाओं ने शिकायत की कि हर शाम इलाके में शराबियों की जमघट लगती है। इसके साथ ही कई वाहन अवैध रूप से पार्क किए जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा, ड्रेन के किनारे खुलेआम पेशाब करने जैसी अस्वास्थ्यकर और असामाजिक गतिविधियां भी नियमित रूप से हो रही हैं, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सामान्य जीवन भी प्रभावित हो रहा है।
मंत्री शंकर घोष ने निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिलीगुड़ी थाने की पुलिस को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। निर्देश के तुरंत बाद पानीटंकी ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अवैध पार्किंग करने वाले चालकों को चेतावनी दी गई और इलाके में असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे थे और अब प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उन्हें उम्मीद जगी है।
