सिलीगुड़ी, 01 अगस्त (नि.सं.)। आशीघर चौकी पुलिस ने नाबालिग लड़की की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक का नाम आदित्य राय (26) है। आरोपी सिलीगुड़ी नगर निगम के 36 नंबर वार्ड का निवासी है।
पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोप है कि आरोपी ने करीब दो महीने पहले नाबालिग को बहला-फुसलाकर उसकी फोटो-वीडियो बना ली और बाद में उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
लगातार प्रताड़ना से नाबालिग मानसिक तनाव में आ गई और आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने आज आरोपी युवक को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।
