सिलीगुड़ी किरणचंद्र श्मशान घाट में सभी इलेक्ट्रिक चूल्हे खराब, अंतिम संस्कार के लिए घंटों इंतजार

सिलीगुड़ी, 29 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के किरणचंद्र श्मशान घाट में एक के बाद एक इलेक्ट्रिक चूल्हे खराब होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि अंतिम संस्कार के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
श्मशान घाट प्रबंधन के अनुसार, सामान्य तौर पर तीन इलेक्ट्रिक चूल्हों में से दो नियमित उपयोग के लिए खुले रहते हैं और एक रिजर्व में रखा जाता है। लेकिन फिलहाल तीनों चूल्हे खराब हो जाने के कारण समस्या और बढ़ गई है।
मामले की जानकारी मिलने पर सिलीगुड़ी नगर निगम के विपक्ष के नेता अमित जैन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से यह समस्या जारी है। बीती रात भी वे श्मशान पहुंचे थे और वहां के इंचार्ज से बात की थी। किसी तरह एक चूल्हा चालू किया गया, लेकिन वह भी फिर से खराब हो गया।
उन्होंने कहा कि आम लोग शव लेकर घंटों खड़े रहने को मजबूर हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही उन्होंने प्रशासन पर इस मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
वहीं, इस घटना को लेकर आम लोगों में भी रोष बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द चूल्हों की मरम्मत कर सेवा को सामान्य करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes