सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक्सपायर्ड बेबी फूड, दवाइयों समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। गुरुवार को गेटबाजार संलग्न इलाके में एनजेपी थाने की पुलिस, पुलिस की एनफोर्समेंट ब्रांच और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया।
प्रशासन के अनुसार, एक ग्राहक बेबी फूड खरीदने पहुंचा था, जहां उसने सामान की एक्सपायरी डेट समाप्त होने की बात देखी। इसके बाद प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। शिकायत के आधार पर संबंधित दुकान में छापेमारी की गई। जांच के दौरान बेबी फूड, दवाइयों और अन्य सामानों की जांच की गई, जिसमें कई एक्सपायर्ड उत्पाद बरामद हुए। इसके अलावा गेटबाजार इलाके की कई अन्य दुकानों में भी अभियान चलाकर विभिन्न उत्पादों की एक्सपायरी डेट और वैधता की जांच की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक संबंधित दुकान को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बरामद सामान और दुकान के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी अहिताग्नि चक्रवर्ती ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक संबंधित दुकान बंद रहेगी और प्रशासन के अगले निर्देश के बाद ही दुकान खोलने पर फैसला लिया जाएगा।
