सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। प्रेमजाल में फंसाकर 17 वर्षीय नाबालिगा को अपहरण कर बिहार ले जाने के आरोप में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने किशनगंज जिले से नाबालिगा को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को नाबालिगा के परिजनों ने माटीगाड़ा थाने में नाबालिगा के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने बुधवार को बिहार के पहाड़कट्टा इलाके में अभियान चलाया और नाबालिगा को बरामद किया। इस मामले में सूरज कुमार बाउरी नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पर नाबालिगा को प्रेमजाल में फंसाकर अपहरण करने का आरोप है। पुलिस आरोपी को बिहार से सिलीगुड़ी लेकर पहुंची और अपहरण के मामले में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया। वहीं, बरामद नाबालिगा को नियमानुसार होम भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
