बालासन नदी से अवैध बालू खनन कर तस्करी की कोशिश, ट्रक चालक गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। बालासन नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर तस्करी करने की कोशिश के आरोप में माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय साहनी (30) के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 43 का निवासी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात गुप्त सूचना के आधार पर माटीगाड़ा पुलिस ने बालासन नदी में अभियान चलाया। इस दौरान बालू से लदे एक ट्रक को रोककर जांच की गई। पुलिस ने चालक से बालू खनन और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

इसके बाद पुलिस ने अवैध रूप से बालू निकालने के आरोप में चालक को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बालू लदे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। माटीगाड़ा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes