उत्तर बंगाल, समाचार
फूलबाड़ी में अनोखे तरीके से ठगी! कागज के नकली नोटों का बंडल देकर सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हुए बदमाश
फूलबाड़ी, 1 मई (नि.सं.)। फूलबाड़ी में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। कागज के नकली नोटों का बंडल थमाकर बदमाश सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। यह चौंकाने वाली घटना शुक्रवार दोपहर फूलबाड़ी के बटालियन मोड़ इलाके में हुई है।जानकारी के अनुसार, करीब 60 वर्षीय पारुल विश्वास नाम की महिला बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं। बटालियन मोड़ पहुंचते ही दो अज्ञात युवक उनसे बात करने लगे। बातों में फंसाकर उन्होंने महिला को बताया कि उनके पास लाखों रुपये का बंडल है और फिर कपड़े में लिपटा एक बंडल उनके हाथ में दे दिया। ठगों की बातों पर भरोसा कर पारुल विश्वास ने अपने पास मौजूद सोने-चांदी के गहनों के साथ नकद पैसे भी उन्हें सौंप दिए। कुछ देर बाद जब दोनों युवक वहां से चले गए, तो महिला को शक हुआ। बंडल खोलकर देखने पर उसमें पैसे की जगह सिर्फ कागज भरे हुए थे। तुरंत ही उन्हें समझ में आ गया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एनजेपी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
