सिलीगुड़ी, 5 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर फराबाड़ी महादेव स्पोर्टिंग क्लब की ओर से एक अनोखी पहल की गई। इस मौके पर क्लब के सदस्यों ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को पौधे भेंट किए। साथ ही कई स्थानों पर वृक्षारोपण भी किया गया।
क्लब की ओर से बताया गया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को हर दिन तेज धूप में खड़े होकर अपनी ड्यूटी निभानी पड़ती है, लेकिन अधिकतर ट्रैफिक पॉइंट पर छाया की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, ताकि भविष्य में ये पौधे बड़े होकर छाया प्रदान करें और ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को कुछ राहत मिल सके। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता का भी परिचय देती है।
