फूलबाड़ी, 6 अगस्त (नि.सं.)। फूलबाड़ी तीस्ता कैनाल रोड के पुटीमारी स्थित लक्ष्मी जोत डांगापाड़ा इलाके में एक के बाद एक 4 वाहनों की टक्कर हो गई। इस हादसे में 4 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आमबाड़ी की ओर से एक पार्सल से भरी गाड़ी फूलबाड़ी की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ऑक्सीजन सिलेंडर लदे एक मालवाहक वाहन से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक वाहन ने नियंत्रण खो दिया और पीछे चल रही एक यात्री वाहन पर चढ़ गया। इस तरह कुल 4 वाहन इस दुर्घटना की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही कैनाल रोड ट्रैफिक आउटपोस्ट की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। बाद में न्यू जलपाईगुड़ी थाना की पुलिस भी पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सामान्य किया।
इस हादसे में 4 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए न्यू जलपाईगुड़ी थाना की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
